Headlines
Loading...
जसप्रीत बुमराह के नॉकआउट दौर में खराब प्रदर्शन से टूर्नामेंट गवां देती है टीम इंडिया। आंकड़े हैं हैरान करने वाले

जसप्रीत बुमराह के नॉकआउट दौर में खराब प्रदर्शन से टूर्नामेंट गवां देती है टीम इंडिया। आंकड़े हैं हैरान करने वाले

बूम बूम बुमराह जो करे सबको पेवेलियन की राह!


जसप्रीत बुमराह जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखते ही तहलका मचा दिया था। जिनके आगे अच्छे से अच्छा बल्लेबाज भी नहीं टिक पाता था, उनके गजब के यॉर्कर की वजह से नाम पड़ा यॉर्कर किंग। लेकिन नॉकआउट दौर में खेलने पर जसप्रीत बुमराह का यह प्रदर्शन धरा का धरा रह जाता है। उनके नॉकआउट दौर में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भारत को हार के साथ चुकाना पड़ता है।







भारत के लिए 2016 में क्रिकेट का आगाज करने वाले जसप्रीत बुमराह ने अपने अभी तक के करियर में लगभग सभी बल्लेबाजों को परेशान किया। बुमराह की यॉर्कर का जवाब किसी भी खिलाड़ी के पास नहीं होता था। डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर फेंकने के लिए जसप्रीत बुमराह को जाना जाता है। 



इन सब उपलब्धियों के बाद भी जसप्रीत बुमराह का भारत के लिए नॉकआउट दौर में प्रदर्शन बहुत निम्न कोटि का रहा है। बुमराह अब तक अपने करियर में 4 आईसीसी टूर्नामेंट खेल चुके हैं। 



उन्होंने 2016 टी20 वर्ल्ड कप, 2017 चैंपियंस ट्रॉफ़ी, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2019-2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। भारत इन सभी टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में पहुंची है लेकिन उनमें से एक भी ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सकी है।


जसप्रीत बुमराह का नॉकआउट दौर में खराब प्रदर्शन


जसप्रीत बुमराह ने हमेशा भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन नॉकआउट दौर में उनके प्रदर्शन में गिरावट आ जाती है। हम आपको उन चारों मैचों में बुमराह के आंकड़े बताते हैं जिसमें भारतीय टीम हारकर ट्रॉफी जीतने से वंचित रह गई -



Jasprit Bumrah



2016 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल बनाम वेस्ट इंडीज


भारत ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उसका मुकाबला वेस्ट इंडीज के साथ हुआ। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया लेकिन गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन से वेस्ट इंडीज ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।


भारत की और से जसप्रीत बुमराह ने 1 विकेट लेने के लिए 4 ओवर में 42 रन लुटा दिए। 


2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी फाइनल बनाम पाकिस्तान


2017 चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना पाकिस्तान से हुआ। मैच में विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।



कोहली का यह फैसला सही साबित हो गया जब जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तान के विस्फोटक ओपनर फखर जमा को सस्ते में आउट कर दिया, लेकिन यह गेंद नो बॉल हो गई और इसके बाद फखर जमा ने शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान के स्कोर को 338 रन तक पहुंचाया।



दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 158 रन पर सिमट गई और यह फाइनल मुकाबला 180 रन के बड़े अंतर से हार गई।



इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने बेहद खराब गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 68 रन लुटाए और उन्हें एक भी सफलता प्राप्त नहीं हुई।



2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल बनाम न्यूजीलैंड


न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेला गया यह मुकाबला भी रिजर्व डे में खेला गया था। जहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 239 रन बनाए।



दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम के टॉप क्रम के लचर प्रदर्शन से भारत यह मैच 18 रन से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर हो गया।



इस मैच में जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन ठीक रहा और उन्होंने अपने 10 ओवर के कोटा में 39 रन खर्च करके 1 विकेट निकाला।


Jasprit Bumrah



वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल बनाम न्यूजीलैंड


भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 18 से 23 जून तक खेला गया जिसमें न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज करके ट्रॉफी और टेस्ट गदा अपने नाम की। 



इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पहली पारी में 217 रन बनाए जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 249 रन बनाकर 32 रनों की बढ़त हासिल की।



वहीं दूसरी पारी में भारतीय टीम केवल 170 रन पर ढेर हो गई और न्यूजीलैंड को 53 ओवर में जीत के लिए 139 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।



इस मैच की पहली पारी में जसप्रीत बुमराह ने 26 ओवर गेंदबाजी की जिसमे उन्होंने 57 रन दिए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। वहीं दूसरी पारी में भी बुमराह ने 10.4 ओवर गेंदबाजी की और 35 रन दिए, इस दौरान भी कोई विकेट उनके हाथ नही लगा। इस मैच में तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर जसप्रीत बुमराह को एक भी विकेट नहीं मिला।


जसप्रीत बुमराह का करियर



23 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू करने वाले जसप्रीत बुमराह का अभी तक का इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है। बुमराह ने अपने करियर में अभी तक 136 मुकाबले खेले हैं जिनमें 20 टेस्ट, 67 वनडे और 49 टी20 मैच शामिल हैं।



बुमराह ने अपने 20 टेस्ट मैचों में 23.22 की अच्छी औसत से 83 विकेट झटके हैं जिसमे पारी में 27 रन देकर 6 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा।



बुमराह ने अभी 67 वनडे मैचों में शिरकत की है जिसमें उन्होंने 25.33 के औसत के साथ 108 विकेट चटकाए हैं। 27 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वोच्च प्रदर्शन रहा है।



वहीं टी20 मैचों की बात की जाए तो जसप्रीत बुमराह ने अभी तक 49 टी20 मैच खेले हैं जिसमे उन्होंने 20.25 के शानदार औसत के साथ 59 विकेट लिए हैं। 11 रन देकर तीन विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है।


निष्कर्ष


अंत में निष्कर्ष यह निकलता है कि जसप्रीत बुमराह ने इन चार मुकाबलों में केवल दो ही विकेट हासिल किए है और इन मुकाबलों में उनका इकोनॉमी रेट भी ज्यादा रहा है।



जसप्रीत बुमराह ने अपने 5 साल के क्रिकेट करियर में बहुत सी उपलब्धियां हासिल की हैं लेकिन आईसीसी इवेंट्स के नॉकआउट दौर उनका खराब प्रदर्शन भारत के लिए चिंता का सबब है। अगर यह खराब प्रदर्शन आगे भी जारी रहा तो भारत का 2021 टी20 वर्ल्ड कप जीतने का मौका चकनाचूर हो सकता है।










0 Comments: