Headlines
Loading...
कप्तान हरमन के तूफान में उड़ी गुजरात जायंट्स की टीम। WPL के पहले सीजन की धमाकेदार शुरुआत

कप्तान हरमन के तूफान में उड़ी गुजरात जायंट्स की टीम। WPL के पहले सीजन की धमाकेदार शुरुआत

4 मार्च को मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मुकाबले के साथ महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सीजन की धमाकेदार शुरुआत हुई। मुंबई इंडियंस ने गुजरात को पहले मुकाबले में 143 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए अपने सफर का शानदार आगाज किया।


टॉस

गुजरात की कप्तान बेथ मूनी ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मुंबई की शुरुआत खराब हुई और 15 रन के स्कोर पर यस्तिका भाटिया 1 रन बनाकर तनुजा कंवर का शिकार हो गई। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद ओपनर हैली मैथ्यूज और नेट स्काइवर ब्रंट ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। मैथ्यूज ने 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 31 गेंदों में 47 रन की पारी खेली वहीं नेट स्काइवर ब्रंट ने 23 रन बनाए।


कप्तान हरमनप्रीत ने दिखाया धमाकेदार अंदाज


मुंबई के लिए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने आई हरमनप्रीत कौर ने धमाकेदार अंदाज में पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया और मात्र 30 गेंदों में 14 चौकों की सहायता से 65 रनों की पारी खेली। उन्होंने अमलिया कैर के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। अंत में कैर ने 24 गेंद में 45 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अन्य बल्लेबाजों पूजा वस्त्राकार ने 15 रन और इसे वोंग ने 6 रन बनाए।


गुजरात के लिए कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ पाया। गुजरात के लिए स्नेह राणा ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए वहीं गार्डनर, तनुजा कंवर और जॉर्जिया वारेहाम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।


कप्तान का चोटिल होना गुजरात को पड़ा भारी


208 रनों का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बहुत खराब रही। गुजरात की कप्तान बेथ मूनी पहले ही ओवर में चोटिल हो गई। बल्लेबाजी करते वक्त उनके पैर में खिंचाव आ गया और मैदान से बाहर चली गईं और दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सकी।




कप्तान बेथ मूनी के चोटिल होने के बाद गुजरात के विकेटों का पतझड़ लग गया और 23 रन के भीतर अपने 7 विकेट गवां दिए। गुजरात के लिए केवल दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। गुजरात के लिए सबसे अधिक 29* रन दयालन हेमलता ने बनाए वहीं मोनिका पटेल ने अंतिम विकेट के रूप में 10 रन बनाए। गुजरात की सबसे महंगी खिलाड़ी एश्लेग गार्डनर खाता भी नहीं खोल सकी और पहली ही गेंद पर इसी वोंग का शिकार हो गईं। गुजरात की पारी मात्र 15.1 ओवर में 64 रनों पर सिमट गई और उसे 143 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

WPL points table


मुंबई के लिए सबसे कामयाब गेंदबाज सइका इशाक रहीं जिन्होंने 3.1 ओवर में 1 मेडन ओवर के साथ मात्र 11 रन देकर 4 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया। इनके अलावा नेट स्काइवर ब्रंट और अमलिया कैर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए वहीं इसी वोंग को 1 विकेट मिला।




प्लेयर ऑफ द मैच


मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने 30 गेंदों में 65 रनों की शानदार पारी खेली।


मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला अब 6 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी वहीं गुजरात जायंट्स का मुकाबला 5 मार्च को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ होगा।

0 Comments: